अलवर (राजस्थान)- राजस्थान में पहली बार मेरठ जैसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अलवर जिले के किशनगढ़बास में पुलिस ने एक नीले ड्रम से शव बरामद किया, जिसे देखकर इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय हंसराज उर्फ सूरज के रूप में हुई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या हंसराज की पत्नी सुनीता ने अपने प्रेमी जितेंद्र के साथ मिलकर की। दोनों ने शराब पार्टी के दौरान झगड़े में हंसराज का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को ड्रम में ठूंसकर नमक व पत्थर डालकर छिपाने की कोशिश की।
मासूम बेटे ने खोली माँ और प्रेमी की साजिश
इस पूरे मामले का खुलासा हंसराज के 8 वर्षीय बेटे हर्षल ने किया। मासूम ने पुलिस को बताया कि उसकी आँखों के सामने पिता की हत्या हुई और फिर शव को ड्रम में छिपाया गया। बेटे के बयान के बाद पुलिस ने सुनीता और जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
मेरठ की गूंज, राजस्थान की सनसनी
मेरठ (उत्तर प्रदेश) में कुछ समय पहले ही ‘ब्लू ड्रम मर्डर केस’ सामने आया था, जहाँ ड्रम में शव छुपाने का तरीका अपनाया गया था। अब वही खौफनाक वारदात राजस्थान में भी दोहराई गई है। फर्क इतना है कि राजस्थान में यह पहला मामला है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। हंसराज के तीनों बच्चों को परिजनों की देखरेख में सौंपा गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह हत्या पूरी तरह योजनाबद्ध थी और जल्द ही केस की चार्जशीट अदालत में पेश की जाएगी।







