देहरादून में कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की शुरुआत एक भावुक पल के साथ हुई। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंच पर पहुंचते ही कांग्रेस के दिवंगत कार्यकर्ता अमर मेहता को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से दो मिनट का मौन रखने का आग्रह किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
राहुल गांधी ने कहा कि अमर मेहता पार्टी के एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता थे। संगठन के लिए उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है। इस दुखद घटना से पूरा कांग्रेस परिवार आहत है और पार्टी हर कदम पर उनके परिवार के साथ खड़ी है।
गौरतलब है कि कार्यक्रम से एक दिन पहले तैयारियों के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया था। आयोजन स्थल पर टेंट लगाने का काम चल रहा था, तभी लोहे का पाइप अचानक अमर मेहता के सिर पर गिर गया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
इस हादसे के बाद कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह शोकमय हो गया। राहुल गांधी ने अपने संबोधन की शुरुआत किसी राजनीतिक मुद्दे से नहीं, बल्कि दिवंगत कार्यकर्ता को श्रद्धांजलि देकर की। मंच पर मौजूद सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौन रखकर अमर मेहता को अंतिम सम्मान दिया।
अमर मेहता के निधन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरा दुख है। पार्टी नेताओं ने उनके परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि संगठन उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा।







