राहुल गांधी के देहरादून दौरे के बाद कांग्रेस उत्साहित है। बन्नू स्कूल मैदान में छात्रों की गूंज कार्यक्रम रखा गया था। खराब मौसम के बावजूद प्रदेशभर से हजारों छात्र पहुंचे। राहुल गांधी ने NEET पेपर लीक मुद्दे पर युवाओं से सीधा संवाद किया।कार्यक्रम की सफलता पर उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने प्रेस वार्ता की और इसके लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय प्रदेश के युवाओं और कार्यकर्ताओं को दिया।
प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि जब-जब राहुल गांधी लोगो की आवाज उठाते हैं तो भाजपा कांप जाती है। भाजपा के द्वारा हर कार्यक्रम में व्यवधान किया जाता है। लेकिन हजारों युवाओं की भीड़ ने इस कार्यक्रम को सफल बनाकर भाजपा सरकार को आईना दिखाया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने में युवाओं ने पूर्ण योगदान दिया। मैं सभी कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद करती हूं। आज उत्तराखंड का सबसे बड़ा मुद्दा पेपर लीक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पेपर लीक राज्य बन गया है। यहां भ्रष्टाचार दीमक की तरह फैल गया है। सरकार इतना डरती क्यों है? लोगों का रुख दिख रहा है। इस प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।







