उत्तराखंड के प्रतिभाशाली और आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं के लिए ग्राफिक एरा ने बड़ी पहल करते हुए निःशुल्क होटल मैनेजमेंट और डिप्लोमा इंजीनियरिंग शिक्षा योजना शुरू करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में इस योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान नए एकेडमिक ब्लॉक और अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का उद्घाटन भी किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ग्राफिक एरा ने शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है और आज यह संस्थान उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देशभर के छात्रों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि संस्थान में 26 देशों के छात्र अध्ययन कर रहे हैं, जो इसकी वैश्विक पहचान को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने बहुराष्ट्रीय कंपनियों में छात्रों को 66 लाख रुपये तक के पैकेज मिलने को राज्य की प्रतिभा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था का प्रमाण बताया।
ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने बताया कि “ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना” के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क व्यावसायिक शिक्षा, छात्रवृत्ति और स्टाइपेंड की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य ऐसे युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक अभाव के कारण उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते हैं।
कार्यक्रम में नैनीताल विधायक सरिता आर्या ने कहा कि ग्राफिक एरा ने भीमताल क्षेत्र में शिक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि निःशुल्क शिक्षा की यह पहल जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने 66.01 लाख रुपये तक के वार्षिक पैकेज प्राप्त करने वाले 8 छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया। “ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना” की शुरुआत मुख्यमंत्री के कार्यकाल के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर की गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भारती शर्मा ने किया।



