बरसात के मौसम को देखते हुए देहरादून नगर निगम ने शहर में जलभराव रोकने की तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर सौरभ थपलियाल ने बताया कि शहर की नौ प्रमुख नदियों और छोटी-बड़ी नालियों की सफाई का अभियान लगातार जारी है। निगम जेसीबी और पोकलैंड मशीनों की मदद से नदियों से गाद, मलवा और कचरा हटाने का काम कर रहा है। जिन इलाकों में हर साल जलभराव की समस्या रहती है, वहां नालियों को गहरा किया जा रहा है और जरूरत के अनुसार नई नालियों का निर्माण भी किया जा रहा है। नगर निगम का दावा है कि इन प्रयासों से बरसात के दौरान पानी की निकासी बेहतर होगी और लोगों के घरों में पानी घुसने की समस्या से राहत मिलेगी।







