बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल की बहस की चुनौती स्वीकार कर ली है। गौरतलब है कि हाल ही में हेमंत द्विवेदी ने आरोप लगाया था कि बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष रहते हुए गणेश गोदियाल के कार्यकाल में पद का दुरुपयोग हुआ और बद्रीनाथ मंदिर के कथित दान गड़बड़ी मामले में आरोपी सहायक प्रमोद नौटियाल की नियुक्ति उनके समय में हुई थी।
इसके जवाब में गणेश गोदियाल ने देहरादून प्रेस क्लब में खुली बहस के लिए हेमंत द्विवेदी को आमंत्रित किया था, लेकिन वे वहां नहीं पहुंचे। अब प्रेस वार्ता कर हेमंत द्विवेदी ने इस पूरे मामले पर अपनी सफाई देते हुए कांग्रेस पर इसे राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मंदिर समिति ने मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई की, जिसके चलते आरोपी वर्तमान में जेल में हैं।
साथ ही उन्होंने गणेश गोदियाल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए नियमों के उल्लंघन और मंदिर की व्यवस्था में अनियमितताओं के आरोप लगाए। हेमंत द्विवेदी ने कहा कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है, इसलिए यदि बहस होनी है तो वह किसी प्रेस क्लब में नहीं, बल्कि भगवान बद्रीनाथ या बाबा केदारनाथ धाम के पवित्र प्रांगण में हो। उन्होंने गणेश गोदियाल से समय और तिथि तय करने को भी कहा।
बाइट – हेमंत द्विवेदी, अध्यक्ष, बीकेटीसी







