आगामी मानसून सीजन और चारधाम यात्रा की सुरक्षा को लेकर गढ़वाल मंडल प्रशासन हाई अलर्ट पर है। आयुक्त आनंद स्वरूप के निर्देशन में सभी जिलाधिकारी एक्शन मोड में हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। आयुक्त ने बताया कि मानसून से पहले 2 जुलाई को सभी जनपदों में मॉक ड्रिल होगी। इसका उद्देश्य आपदा में विभागों के बीच बेहतर समन्वय, राहत-बचाव की तैयारियों का परीक्षण और क्विक रिस्पांस को प्रभावी बनाना है।
पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, लोनिवि, विद्युत और पेयजल विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सभी को संसाधन, उपकरण और मानव बल तैयार रखने के निर्देश हैं। चारधाम मार्गों पर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों की निगरानी बढ़ाई गई है। यात्रियों से मौसम विभाग की एडवाइजरी मानने की अपील की गई है। प्रशासन का दावा है कि जनहानि रोकने को सभी तैयारियां पूरी हैं।







