मानसून की पहली बारिश के बाद एक्सप्रेसवे की स्थिति को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद पहली ही बारिश में सड़क जगह-जगह धंस गई, जो निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
कांग्रेस प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक्सप्रेसवे निर्माण में आधुनिक तकनीक और बेहतर गुणवत्ता का दावा किया था, लेकिन उद्घाटन के कुछ समय बाद ही पहली बारिश में सड़क की बदहाल तस्वीर सामने आ गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जगह-जगह बने गड्ढे और धंसी हुई सड़कें भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा हैं। बिष्ट ने कहा कि यदि इन खामियों के कारण कोई बड़ा हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी की है।



