राजधानी देहरादून में होम-स्टे पंजीकरण के नाम पर कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने जिला पर्यटन अधिकारी बृजेंद्र पांडे और विभाग के कर्मचारी फिरोज खान पर एक होम-स्टे के पंजीकरण के एवज में दो लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है।
इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। पीड़ित मोहम्मद रईस का दावा है कि सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बावजूद उनका पंजीकरण जानबूझकर रोका गया और बाद में रिश्वत मांगी गई। उनका आरोप है कि उन्होंने अलग-अलग किश्तों में करीब एक लाख 90 हजार रुपये दिए, जिसके बाद पंजीकरण दस्तावेज सौंपे गए। पीड़ित ने पूरे घटनाक्रम के ऑडियो और वीडियो साक्ष्य होने का भी दावा किया है।
वहीं, राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आय से अधिक संपत्ति की जांच की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल, इन आरोपों पर पर्यटन विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।







