ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिहार के सीतामढ़ी जिले में लूट और हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी मोहम्मद नसीम अख्तर को ऋषिकेश पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
बिहार पुलिस से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ऋषिकेश क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। मुखबिर और सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन नटराज फ्लाईओवर के पास मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने भाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर बिहार में लूट की वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी अपने भाई की पैरवी और बिहार पुलिस से बचने के लिए ऋषिकेश आया था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।






