मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत देहरादून पुलिस लगातार नशा तस्करों पर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में रायपुर थाना पुलिस ने एक आरोपी को 608 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सहारनपुर से यह खेप खरीदकर देहरादून लाया था और छात्रों, नशे के आदी लोगों व स्थानीय पैडलरों को बेचने की तैयारी में था।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायपुर थाना पुलिस 19 जुलाई को क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान महाराणा प्रताप चौक के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से 608 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू शाह, निवासी हरिद्वार रोड, पटेलनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह खेप सहारनपुर से खरीदकर लाया था और इसे छात्रों, नशे के आदी लोगों तथा अन्य पैडलरों को बेचकर अवैध मुनाफा कमाना चाहता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही अब इस पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
बाइट- जया बलूनी, SP देहात







