देहरादून, 24 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने मासिक अपराध गोष्ठी में पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की शिथिलता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी ने चेतावनी दी कि कार्यों में कोताही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ निलंबन तक की कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस कार्यालय देहरादून में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान लंबित विवेचनाओं, साइबर अपराधों के निस्तारण, कानून व्यवस्था, सीसीटीएनएस पोर्टल पर डेटा अपडेट और रात्रि गश्त की समीक्षा की गई।

एसएसपी ने निर्देश दिए कि विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर केवल विवेचक ही नहीं, बल्कि संबंधित थाना प्रभारी की भी जवाबदेही तय की जाएगी। थानों में आने वाले पीड़ितों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने और प्रार्थना पत्रों को लंबित न रखने के भी निर्देश दिए गए।
साइबर अपराधों के मामलों में अपेक्षानुरूप कार्यवाही न करने पर एसएसपी ने अधिकारियों को फटकार लगाई और ई-जीरो एफआईआर तथा नेशनल क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में शाम और रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने तथा ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट भेजने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने नशा तस्करों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और अवैध संपत्ति जब्त करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने दो टूक कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनता को त्वरित न्याय दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।






