जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित ‘समाधान दिवस’ में प्रशासन का सख्त रुख देखने को मिला। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित इस जनता दरबार में दूर-दराज से आए 169 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
डीएम ने प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। एसीपी भुगतान में देरी करने पर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ (आंचल डेयरी) के प्रबंधक के वेतन आहरण पर तत्काल रोक लगा दी गई है। इसके अलावा, अवैध प्लाटिंग और सरकारी भूमि पर कब्जे के मामलों में जिलाधिकारी ने एसडीएम को मौके पर जाकर कठोर कानूनी कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
जनता दरबार में बुजुर्गों और महिलाओं की समस्याओं पर डीएम ने संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने घरेलू प्रताड़ना और सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल राहत प्रदान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जवाबदेही सौंपी है। जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के प्राथमिकता पर निस्तारण के भी आदेश दिए हैं।







