हरिद्वार के चर्चित भूमि घोटाला मामले में विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। हरिद्वार के तत्कालीन जिलाधिकारी समेत कई अफसर जांच के दायरे में हैं। देहरादून और हरिद्वार सहित कई स्थानों पर चल रही इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
हरिद्वार के चर्चित भूमि घोटाला मामले में विजिलेंस की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंचती नजर आ रही है। विजिलेंस टीम ने हरिद्वार के तत्कालीन जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह, पीसीएस अधिकारी अजय वीर सिंह और आईएएस अधिकारी वरुण चौधरी समेत आधा दर्जन अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई देहरादून, हरिद्वार सहित कई स्थानों पर की गई।
बताया जा रहा है कि भूमि घोटाले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच के लिए यह छापेमारी की गई है। विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल विजिलेंस की टीम सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।







